छत्तीसगढ़: दो नन गिरफ्तार, वेणुगोपाल ने बताया फर्जी मामला
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस ने तीन लोगों, जिनमें दो नन शामिल हैं, को मानव तस्करी और धर्मांतरण के आरोप में हिरासत में लिया है. पुलिस के अनुसार, नारायणपुर के निवासी सुखमन मंडावी और आगरा से आईं दो नन, प्रीति मैरी और वंदना फ्रांसिस, तीन युवतियों (18 से 19 वर्ष की आयु) के साथ थीं, जो नारायणपुर जिले की रहने वाली थीं.
पुलिस ने बताया कि ये लोग कथित तौर पर युवतियों को आगरा ले जा रहे थे. उन्हें बेहतर सुविधाओं और 8,000 से 10,000 रुपये मासिक वेतन का लालच दिया गया था.
इस बीच, लोक लेखा समिति के अध्यक्ष और सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर इस घटना की निंदा की. उन्होंने कहा कि असिसी सिस्टर्स ऑफ मैरी इमैक्युलेट (एएसएमआई) से जुड़ीं नन युवतियों को उनके माता-पिता की सहमति से रोजगार के लिए ले जा रही थीं.
पुलिस को बजरंग दल के सदस्यों से मिली सूचना के आधार पर शुक्रवार को छापेमारी की गई.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में युवतियों ने कहा कि उन्हें पहले छत्तीसगढ़ में ही नौकरी देने की बात कही गई थी, लेकिन दुर्ग पहुंचने पर पता चला कि नन उन्हें आगरा ले जाने आई थीं.