छत्तीसगढ़: कस्तूरबा बालिका छात्रावास की बदहाली उजागर
छत्तीसगढ़: कस्तूरबा बालिका छात्रावास की बदहाली उजागार, अधीक्षिका हटाई गई
प्रतापपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के प्रतापपुर में आदिवासी छात्रावास की दयनीय हालत का जायजा लेने एसटी कमिशन के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व विधायक भानू प्रताप सिंह मंगलवार को कस्तूरबा छात्रावास की बच्चियों से मिलने पहुंचे. उन्होंने स्थिति का जायजा लिया तथा छात्राओं से बीमार व्यवस्था की जानकारी ली.
भानू प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि आदिवासी छात्रावास के मामले में अगर गंभीरता से जांच की जाएगी तो राज्य सरकार का आदिवासी विरोधी चेहरा उजागर हो जाएगा.
आदिवासी नेता भानू प्रताप सिंह मंगलवार को सुबह 10 बजे के आसपास आदिवासी छात्रावास पहुंच चुके थे. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में सूचना भी दी थी. लेकिन एसडीएम का हवाला दे कर उन्हें छात्रावास में प्रवेश नहीं करने दिया गया. इसके बाद वे वहीं धरना दे कर बैठ गए. आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और फिर दोपहर बाद उनकी बच्चियों से मुलाकात कराई गई.
गौरतलब है कि प्रतापपुर में सोमवार को आदिवासी छात्रावास की बच्चियां जनपद पंचायत के सामने सुबह धरने पर बैठ गई. इसका कारण उनके छात्रावास में कीड़े लगे भोजन दिये जाते हैं तथा मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया जाता है. यह धरना सुबह 7 बजे से शुरू हुआ जो कुछ ही देर में जनआक्रोश में बदल गया. सड़क पर जाम लग गया. रोती-बिलखती बच्चियां जिला कलेक्टर को मौके पर बुलाने के मांग पर अड़ गई. इससे छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वकांक्षी योजना कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास योजना की जमीनी हकीकत सामने आ गई.
धरने पर बैठी बच्चियों ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना सब्जी के खाना दिया जाता है जिसमें कीड़े पड़े होते हैं. इतना ही नहीं दाल, पानी के समान पतला होता है. खाने की मात्रा भी इतनी कम होती है कि कई-कई दिन तक उन्हें आधापेट खाकर सो जाना पड़ता है.
शासन की ओर से दी जाने वाली सेनेटरी सामग्री, साबुन, तेल तथा शैम्पू भी नियमित रूप से नहीं दी जाती है. सवाल करने पर उन्हें डांट पड़ती है तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है.
छात्राओं का कहना है कि उन्होंने कई बार छात्रावास अधीक्षिका से शिकायते की लेकिन समस्या को दूर करने के स्थान पर प्रताड़ना बढ़ जाती है. मामलें को लेकर बीईओ कार्यालय, बीआरसी, जनपद और जिला स्तर तक शिकायतें की गई लेकिन कोई प्रभावी कार्यवाई नहीं हुई.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खंड शिक्षा अधिकारी मन्नू सिंह वर्षो से एक ही पद पर जमे हुये हैं न तो स्कूलों का निरीक्षण किया जाता है और न ही छात्रावास की सुध ली जाती है. बीते सालों में कलेक्टर से लेकर कमिश्नर तक से शिकायतें हुई हैं लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला.
आदिवासी छात्राओं की धरने की बात सुनकर एसडीएम ललिता भगत, तहसीलदार चंद्रशिला जायसवाल, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचें. छात्रायें किसी से बात करने को राजी नहीं हुई तो एसडीएम द्वारा उनकी बात सूरजपुर कलेक्टर से फोन पर करवाई गई.
बाद में एसडीएम ललिता भगत ने जानकारी दी कि कलेक्टर के निर्देश पर आश्रम की अधीक्षिका देवमन तो तत्काल छात्रआवास से हटा दिया गया है तथा उनके खिलाफ निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसी के साथ जांच दल गठित कर जिला शिक्षा अधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया जिन्होंने बच्चियों का बयान दर्ज किया.
इस कार्यवाही तथा आश्वासन के करीब दो घंटे बाद आदिवासी बच्चियों का आंदोलन समाप्त हुआ तथा बच्चियों को सुरक्षित छात्रावास भेजा गया.