निपनिया: धान में रेत मिलाकर गबन करने वाला केंद्र प्रभारी बर्खास्त
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में धान खरीदी में बड़े भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए आरोपी केंद्र प्रभारी को सेवा से बर्खास्त कर दिया है. प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति निपनिया के धान उपार्जन केंद्र में प्रभारी लीलाराम सेन द्वारा धान के बोरों में रेत और कंकड़ मिलाकर सरकारी अनाज की हेराफेरी की जा रही थी.
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब सोशल मीडिया पर रेत मिलाने का एक वीडियो वायरल हुआ.
जांच दल ने 8 मार्च 2026 को केंद्र का भौतिक सत्यापन किया, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए.
रिपोर्ट के अनुसार, प्रभारी ने हमालों के जरिए लगभग 5,300 बोरों में 2 से 3 किलोग्राम तक रेत और धूल-मिट्टी मिलवाई थी.
इस मिलावट के जरिए आरोपी ने लगभग 132 क्विंटल असली धान को अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए निकाल लिया था, जिसकी कुल मात्रा सत्यापन के दौरान 137.20 क्विंटल अधिक पाई गई.
जांच प्रतिवेदन के आधार पर उपायुक्त सहकारिता ने लीलाराम सेन को पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही और गबन का दोषी पाया.
छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 और कर्मचारी सेवा नियम 2018 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए प्राधिकृत अधिकारी ने आरोपी केंद्र प्रभारी को तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक (बर्खास्त) कर दिया है.