छत्तीसगढ़: बालोद में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप, वीडियो बनाया
बालोद । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक 16 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पीड़िता के एक नाबालिग दोस्त को हिरासत में लिया गया है.
यह घटना बीते रविवार की है, जो मंगलवार को तब प्रकाश में आई जब पीड़िता ने अपनी मां के साथ थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई.
मिली जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं में पढ़ने वाली पीड़िता को उसका एक नाबालिग दोस्त घूमने के बहाने बाइक पर बैठाकर एक बांध के पास ले गया था.
वहां पहले से मौजूद दो अन्य युवकों ने लड़की को करीब पांच घंटे तक बंधक बनाए रखा और उसके साथ दरिंदगी की. आरोपियों ने इस घिनौनी करतूत का वीडियो भी बनाया ताकि वे पीड़िता को ब्लैकमेल कर सकें.
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़े गए आरोपियों का तरीका बेहद शातिर था. पूछताछ में नाबालिग दोस्त ने दावा किया कि वह अन्य दो आरोपियों को नहीं जानता था और वे अचानक वहां पहुंचे थे.
पुलिस के अनुसार, कुछ इलाकों में ऐसे गिरोह सक्रिय हैं जो सुनसान जगहों पर युवाओं को पकड़कर उनके वीडियो बनाते हैं और फिर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर लूटपाट और दुष्कर्म जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं. फिलहाल, पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है. Symbolic Photo