छत्तीसगढ़ HC: शरिया अदालत के पास तलाक तय करने का अधिकार नहीं
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि कोई भी स्वघोषित 'इदारा-ए-शरिया इस्लामी कोर्ट' या समानांतर धार्मिक निकाय किसी मुस्लिम महिला के वैवाहिक दर्जे (तलाक) पर फैसला सुनाने का कानूनी अधिकार नहीं रखता. अदालत ने ऐसी संस्था द्वारा तीन तलाक (तलाक-ए-बिद्दत) को दी गई मंजूरी वाले आदेश को पूरी तरह से गैर-कानूनी, अधिकार-विहीन और प्रभावहीन करार दिया है.
न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि कोई भी प्राइवेट धार्मिक संस्था या 'दार-उल-क़ज़ा', जिसे संविधान या किसी कानून के तहत मान्यता न मिली हो, वह अदालत के रूप में कार्य नहीं कर सकती.
उच्च न्यायालय ने सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसलों का हवाला देते हुए साफ किया कि धार्मिक निकायों द्वारा दिए जाने वाले फतवे या राय केवल एक परामर्श की तरह हैं. इन्हें किसी भी नागरिक पर जबरन लागू नहीं कराया जा सकता और न ही ये किसी व्यक्ति के कानूनी या वैवाहिक अधिकारों में कोई बदलाव कर सकते हैं.
यह मामला एक मुस्लिम महिला से जुड़ा है, जिसके पति द्वारा तीन तलाक देने के बाद इदारा-ए-शरिया इस्लामी कोर्ट ने 18 जनवरी 2022 को उनके तलाक को वैध ठहराने का आदेश जारी कर दिया था. महिला ने इस आदेश और ऐसी समानांतर अदालतों के अस्तित्व को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी.
मामले में राज्य सरकार ने भी याचिकाकर्ता का समर्थन करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाएं अदालत जैसा प्रतीक चिह्न और शब्दावली इस्तेमाल कर खुद को एक समानांतर न्यायिक व्यवस्था की तरह पेश करती हैं, जिसकी कोई वैधानिक मान्यता नहीं है.
अदालत ने याचिका को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए इदारा-ए-शरिया द्वारा जारी तलाक के आदेश को रद्द कर दिया. साथ ही अदालत ने स्पष्ट किया कि तलाक-ए-हसन की संवैधानिक वैधता का मुद्दा फिलहाल सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष विचाराधीन है, इसलिए उस पहलू पर कोई टिप्पणी नहीं की जा रही है.
हाईकोर्ट के इस रुख से यह संदेश साफ हो गया है कि देश में कानून द्वारा स्थापित अदालतें ही वैवाहिक अधिकारों पर फैसला सुनाने के लिए अधिकृत हैं.