छत्तीसगढ़ के बस की गोंदिया में टक्कर, 3 मृत
नागपुर । डेस्क: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के तीन यात्रियों की मौत हो गई. जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर देवरी तहसील के धोबीसरद गाँव के पास हुआ. बताया जा रहा है कि ये प्रवासी मज़दूर थे तथा मजदूरी करने चंद्रपुर जा रहे थे.
पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़-पंजीकृत एक निजी ट्रेवल्स की बस कवर्धा से महाराष्ट्र के चंद्रपुर जा रही थी. गुरुवार देर रात करीब 12:20 बजे, देवरी से गुजरते समय, अंधेरे के कारण बस चालक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को नहीं देख पाया और उससे जा टकराया. ट्रक कथित तौर पर ईंधन खत्म होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था.
टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. बस में कुल 45 यात्री सवार थे. इस हादसे में तीन यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतकों में छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ की सुनीता हेमलाल बघेले (45) और कवर्धा के मनोज बबलू पटले (40) की पहचान हो पाई है, जबकि तीसरे मृतक की पहचान अभी जारी है.
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए आठ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर कर दिया गया है. बस चालक चंद्रशेखर चौधरी भी घायल हुए हैं और उनके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर प्रवीण डांगे के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और आस-पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और ग्रामीण अस्पतालों से बुलाई गई एम्बुलेंस से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. सहायक पुलिस निरीक्षक मुकेश राठौड़ ने बताया कि बस चालक की लापरवाही से यह दुखद हादसा हुआ.