बिलासपुर हत्याकांड: नाबालिक सहित 8 गिरफ्तार
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दो दिन पहले एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है. यह हत्या आपसी रंजिश के कारण हुई, जिसमें आरोपियों ने लाठी, डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर युवक की जान ले ली.
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के गणेश नगर निवासी कैलाश ध्रुव अपने दोस्तों के साथ काम से लौट रहे थे, तभी मोहल्ले के कुछ युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया. आरोपियों, जिनमें काजू नवरंग, लाल, धर्मेंद्र और अन्य शामिल हैं, ने कैलाश के साथ गाली-गलौज शुरू की और फिर उन पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया.
इस हमले में कैलाश गंभीर रूप से घायल हो गये. हमलावरों ने उन्हें मृत समझकर पास के तालाब के किनारे फेंक दिया और फरार हो गये.
कैलाश के देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज की.
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और जांच के दौरान तालाब के पास कैलाश का शव बरामद किया.
शव पर गंभीर चोटों के निशान पाये ये, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताई. संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपना अपराध कबूल कर लिया.
पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है और आगे की जांच जारी है.