बीजापुर: पोटाकेबिन छात्रावास की तीन छात्राएं गर्भवती मिली
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के एक पोटा केबिन छात्रावास में रह रही तीन छात्राओं के गर्भवती होने की पुष्टि हुई है, जिसके बाद से शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है. जानकारी के मुताबिक, इनमें से दो छात्राएं 12वीं और एक 11वीं कक्षा की छात्रा है.
मामले की गंभीरता इस बात से और बढ़ जाती है कि इनमें से दो छात्राएं नाबालिग बताई जा रही हैं. इस पूरे प्रकरण का खुलासा तब हुआ जब छात्राएं बोर्ड परीक्षा देने पहुंची थीं. स्वास्थ्य जांच के दौरान पता चला कि तीनों छात्राएं करीब चार से पांच महीने की गर्भवती हैं.
इस घटना ने सरकारी मशीनरी की कार्यप्रणाली और आपसी समन्वय की पोल खोलकर रख दी है.
आश्चर्यजनक तथ्य यह है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन छात्राओं के 'गर्भवती कार्ड' तक बना दिए गए थे, लेकिन इसकी सूचना न तो छात्रावास प्रबंधन को दी गई और न ही उच्चाधिकारियों को.
वहीं, छात्रावास अधीक्षिका ने पल्ला झाड़ते हुए तर्क दिया है कि छात्राएं अक्सर बिना बताए अनुपस्थित रहती थीं और यह मामला उनके कार्यकाल का नहीं है. फिलहाल पुलिस की टीम पोटा केबिन पहुंचकर कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है, हालांकि प्रशासन पर मामले को दबाने और लीपापोती करने के आरोप भी लग रहे हैं.
इस संवेदनशील मुद्दे पर अब राजनीति भी गरमा गई है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसे आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा में बड़ी चूक बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
वहीं, स्थानीय विधायक विक्रम मंडावी ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकारी आश्रमों में भी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. यह घटना केवल एक प्रशासनिक लापरवाही नहीं है, बल्कि उस तंत्र की विफलता है जिसे इन बच्चियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई थी.