CGPSC भर्ती घोटाला: ED ने पूर्व डिप्टी परीक्षा नियंत्रक के घर मारा छापा
राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले में केंद्रीय जांच एजेंसियों का शिकंजा कसता जा रहा है. इसी सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने बुधवार सुबह राजनांदगांव के शिक्षक कॉलोनी स्थित पूर्व डिप्टी परीक्षा नियंत्रक ललित गणवीर के आवास पर तड़के दबिश दी.
इस मामले में पहले से ही जेल में बंद गणवीर के घर दो वाहनों में पहुंचे करीब आठ ईडी अधिकारियों ने सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच छानबीन शुरू की. इस दौरान घर में मौजूद महत्वपूर्ण दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है.
यह पूरी कार्रवाई वर्ष 2020 से 2022 के बीच आयोजित हुई राज्य सेवा परीक्षाओं में सामने आईं कथित गड़बड़ियों से जुड़ी है. सीबीआई और ईडी की जांच में यह गंभीर आरोप लगा है कि तत्कालीन आयोग अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी के कहने पर परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक और डिप्टी परीक्षा नियंत्रक ललित गणवीर ने एक उद्योगपति श्रवण गोयल को परीक्षा से पहले ही प्रश्न पत्र लीक कर दिए थे.
इसी धांधली के चलते उद्योगपति के बेटे-बहू और पूर्व अध्यक्ष सोनवानी के सगे भतीजों का चयन सीधे डिप्टी कलेक्टर और डिप्टी एसपी जैसे बड़े पदों पर हुआ था.
जांच का दायरा केवल राजनांदगांव तक सीमित नहीं है, बल्कि ईडी प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी एक साथ छापेमारी कर रही है.
राजधानी रायपुर में पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक से जुड़े ठिकानों पर भी जांच एजेंसियां मुस्तैद हैं.
फिलहाल अधिकारी वित्तीय लेन-देन, अचल संपत्ति और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े संदिग्ध कागजातों की गहराई से पड़ताल कर रहे हैं. हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर अभी तक प्रवर्तन निदेशालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.