रोड एक्सीडेंट पीड़ितों के उपचार का डेढ़ लाख सीधे केन्द्र सरकार देगी
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यसभा में एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि देशभर में सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए अब 'कैशलेस' चिकित्सा उपचार योजना लागू कर दी गई है. इस पहल के तहत, दुर्घटना के शिकार हुए प्रत्येक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती होने के पहले सात दिनों के लिए 1.5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा.
केंद्र सरकार इसका भुगतान सीधे अस्पतालों को करेगी, ताकि 'गोल्डन ऑवर' यानी दुर्घटना के शुरुआती घंटों में पैसों की कमी के कारण इलाज में कोई देरी न हो.
गडकरी ने कहा कि पहले यह योजना कुछ क्षेत्रों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चल रही थी, लेकिन अब इसे राज्य सरकारों के सहयोग से पूरे देश में विस्तारित कर दिया गया है.
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के एक अध्ययन का हवाला देते हुए मंत्री ने बताया कि समय पर चिकित्सा मिलने से भारत में हर साल लगभग 50,000 लोगों की जान बचाई जा सकती है.
सरकार न केवल इलाज के खर्च का वहन करेगी, बल्कि दुर्घटना स्थल पर पहुंचने वाले समय को भी कम करने पर काम कर रही है. इसके लिए एक नया एम्बुलेंस मॉडल विकसित किया जा रहा है, जिसमें उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में 10 मिनट के भीतर एम्बुलेंस पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है. ये आधुनिक एम्बुलेंस बचाव के विशेष उपकरणों से लैस होंगी, ताकि खाई में गिरने जैसी जटिल परिस्थितियों में भी त्वरित मदद दी जा सके.
इसके अतिरिक्त, गडकरी ने 'राह-वीर' योजना का भी जिक्र किया, जिसके तहत घायलों को अस्पताल पहुँचाने वाले नागरिकों को अब 5,000 रुपये के बजाय 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार और 'राहवीर' की उपाधि दी जाएगी.
सड़क सुरक्षा को एक गंभीर मुद्दा बताते हुए उन्होंने 2030 तक सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को 50 प्रतिशत तक कम करने के भारत के संकल्प को दोहराया.