बॉम्बे HC- SC/ST का आपत्तिजनक वीडियो शेयर करना 'पब्लिक व्यू', एक्ट लागू होगा
मुंबई । डेस्क: बॉम्बे हाईकोर्ट ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम से जुड़े एक बेहद महत्वपूर्ण मामले में बड़ा फैसला सुनाया है. अदालत ने स्पष्ट किया है कि व्हाट्सएप या सोशल मीडिया पर एससी/एसटी समुदाय के किसी व्यक्ति का आपत्तिजनक वीडियो या तस्वीर भेजना 'सार्वजनिक स्थल' (पब्लिक व्यू) के दायरे में आता है और इस पर एससी/एसटी एक्ट की कड़ी धाराएं लागू होंगी.
न्यायमूर्ति यानशिवराज खोब्रागड़े की एकल पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए आरोपी निखिल थेपले की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया. अदालत ने कहा कि रिकॉर्ड पर मौजूद सामग्री प्रथम दृष्टया आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज करने के लिए पर्याप्त है. इसके अलावा, अपराध दर्ज होने के बाद से लगातार फरार रहने के आधार पर भी आरोपी किसी राहत का हकदार नहीं है.
क्या है पूरा मामला?
मामला पीड़ित महिला के उत्पीड़न से जुड़ा है, जो अनुसूचित जाति/जनजाति समुदाय से ताल्लुक रखती है. आरोपी निखिल थेपले ने महिला से अनुचित मांगों की पेशकश की थी. जब पीड़ित महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने गुप्त रूप से उसकी तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए. इसके बाद आरोपी ने इन तस्वीरों और वीडियो को महिला के पति, भाभी और अन्य रिश्तेदारों के व्हाट्सएप नंबरों पर भेज दिया.
घटना के बाद 5 नवंबर 2025 को आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई थी, जिसके बाद से वह लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर है.
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ केस
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 77 और 78 के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम, 2000 की धारा 66(E) और 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है. इसके अतिरिक्त, एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(r), 3(1)(w)(ii) और 3(2)(va) के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज हैं.
हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान अपीलकर्ता की ओर से अधिवक्ता महेश राय, राज्य सरकार की ओर से लोक अभियोजक जी. एस. उमाले और पीड़िता का पक्ष अधिवक्ता संकेत जोशी ने रखा.
न्यायालय का यह फैसला डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होने वाले उत्पीड़न और जातिगत अपराधों को रोकने की दिशा में एक सख्त कदम माना जा रहा है.