बिलासपुर श्रीराम केयर हॉस्पिटल पर बायोमेडिकल वेस्ट मामले में 30 हजार का जुर्माना
बिलासपुर । संवाददाता: बिलासपुर के मंगला छपराभाठा क्षेत्र में मेडिकल वेस्ट और एक्सपायरी दवाओं को खुले स्थान पर फेंकना श्रीराम केयर हॉस्पिटल को भारी पड़ गया. बिलासपुर नगर निगम ने अस्पताल प्रबंधन की इस गंभीर लापरवाही पर 30 हजार रुपए का जुर्माना ठोकने के साथ ही सख्त चेतावनी जारी की है.
निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य महकमे और निजी अस्पतालों में हड़कंप मच गया है. अधिकारियों ने 5 सितंबर को छपराभाठा इलाके का औचक निरीक्षण किया था, जहां सार्वजनिक जगह पर अस्पताल से निकला खतरनाक बायोमेडिकल कचरा और एक्सपायरी दवाएं लावारिस हालत में डंप मिली थीं.
जांच में अस्पताल प्रबंधन की सीधी लापरवाही साबित होने पर तुरंत आर्थिक दंड लगाया गया.
निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी गलती दोहराने पर इससे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. खुले में फेंका गया मेडिकल कचरा पर्यावरण के साथ-साथ आम नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए जानलेवा साबित हो सकता है, इसलिए इसका निस्तारण केवल अधिकृत एजेंसियों के जरिए निर्धारित नियमों के तहत ही अनिवार्य है.
बिलासपुर नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में स्वच्छता और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा और ऐसे संस्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी.