सैफ अली की पैतृक संपत्ति पर अपील खारिज
मुंबई । मनोरंजन डेस्क: मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने अभिनेता सैफ अली खान की उस अपील को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने भोपाल में अपनी पैतृक संपत्ति को 'शत्रु संपत्ति' घोषित करने के राज्य सरकार के फैसले को चुनौती दी थी. यह संपत्ति, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 15,000 करोड़ रुपये है, अब सरकार के नियंत्रण में रहेगी.
सैफ पिछले 25 वर्षों से इस संपत्ति को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे. यह मामला भोपाल के अंतिम नवाब हामिदुल्लाह खान की संपत्ति से जुड़ा है, जिनके प्रपौत्र हैं सैफ. 2014 में मध्य प्रदेश सरकार ने इस संपत्ति को 1968 के 'शत्रु संपत्ति अधिनियम' के तहत अधिग्रहण करने का निर्णय लिया था.
इसके खिलाफ सैफ ने 2015 में हाई कोर्ट में याचिका दायर की, जिसके बाद कोर्ट ने सरकार के फैसले पर रोक लगा दी थी. हालांकि, 13 दिसंबर 2024 को हाई कोर्ट ने यह रोक हटा ली और अब सैफ की अपील को पूरी तरह खारिज कर दिया.
यह संपत्ति भोपाल के कोहेफिजा से लेकर चिक्लोड़ तक फैली हुई है. 1968 का 'शत्रु संपत्ति अधिनियम' उन संपत्तियों को 'शत्रु संपत्ति' घोषित करता है, जो 1947 में देश के बंटवारे के बाद भारत में रह गईं, लेकिन उनके मालिक स्थायी रूप से पाकिस्तान या चीन चले गये.
इस मामले में हामिदुल्लाह खान की बेटी आबिदा सुल्तान ने 1950 में पाकिस्तान में स्थायी निवास शुरू किया था, जिसके बाद यह संपत्ति विवादों में आ गई. इस कानून के तहत ऐसी संपत्तियों पर उनके वंशजों का कोई अधिकार नहीं रहता, और सरकार इन्हें अधिग्रहण या बिक्री कर सकती है.
इस फैसले से सैफ अली खान और उनके परिवार के लिये यह एक बड़ा झटका है. यह संपत्ति न केवल आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण है, बल्कि ऐतिहासिक और भावनात्मक मूल्य भी रखती है.