जगदलपुर में भीषण दुर्घटना: एक युवक की मौत, 6 घायल
जगदलपुर । संवाददाता: बस्तर संभाग के जगदलपुर-बीजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. डिलमिली पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार से आ रहे एक टिप्पर और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क किनारे खड़ी एक कार भी इसकी चपेट में आ गई.
इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में ट्रक में सवार एक युवक की मौके पर ही जान चली गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
कोडेनार पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, टक्कर के बाद अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे खड़ी कार को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया और अंत में एक पेड़ से जा टकराया.
हादसे के वक्त कार चालक वाहन के भीतर ही मौजूद था, जिसे मामूली चोटें आई हैं. बताया जा रहा है कि ट्रक में सवार सभी लोग कैटरिंग का काम करते हैं और बीजापुर में एक कार्यक्रम निपटाकर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में वे इस हादसे का शिकार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही कोडेनार थाना प्रभारी अमित अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है.
वहीं, मृतक के शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटाकर यातायात बहाल कर दिया है और मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है.