दिलीप कुमार ने कहा था-अनुपम बहुत आगे जायेगा
अनुपम खेर बहुत आगे जायेगा- दिलीप कुमार
मुंबई । मनोरंजन डेस्क: फिल्म कर्मा में अनुपम खेर चाहते थे कि दिलीप कुमार उन्हें असल में थप्पड़ मारे. बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने हाल ही में अपने करियर के शुरुआती दिनों की एक दिलचस्प कहानी साझा की, जिसमें ट्रेजडी किंग दिलीप कुमार के साथ उनकी पहली मुलाकात और फिल्म 'कर्मा' (1986) के सेट का मज़ेदार किस्सा शामिल है.
अनुपम खेर ने बताया कि 'कर्मा' में वह खलनायक डॉ. डैंग की भूमिका में थे, जबकि दिलीप कुमार ने ईमानदार पुलिस अधिकारी डीसीपी विश्व प्रताप सिंह का किरदार निभाया था.
अनुपम उस समय दिलीप साहब के इतने बड़े प्रशंसक थे कि उनकी एक झलक पाने के लिए सुबह 7 बजे से ही डॉ. डैंग के गेटअप में तैयार होकर सेट पर खड़े थे.
"11 बजे दिलीप साहब अपनी सफेद मर्सिडीज से उतरे, सफेद कमीज में एकदम जंच रहे थे. मैं बस उन्हें देखता रहा, सोच रहा था, 'वाह, ये वही शख्स हैं जिनकी वजह से मैं अभिनेता बना.'" अनुपम ने अपनी आंखों में चमक के साथ बताया. वह दिलीप साहब के हाव-भाव, उनके चलने का अंदाज़ और उनके हाथों की हरकतों को गौर से देख रहे थे.
लेकिन इस प्यार भरी नज़र ने डायरेक्टर सुभाष घई को परेशान कर दिया. सुभाष जी ने अनुपम को एक तरफ खींचकर कहा, "तू जिस प्यार से दिलीप साहब को देख रहा है, तू मेरी फिल्म बर्बाद कर देगा! तू खलनायक है, भूल मत!"
इस पर अनुपम ने हंसते हुए जवाब दिया, "अनुपम खेर दिलीप कुमार से प्यार करता है, लेकिन डॉ. डैंग विश्व प्रताप से बिल्कुल प्यार नहीं करता!"
फिल्म के एक मशहूर थप्पड़ सीन के दौरान अनुपम ने दिलीप साहब से कुछ ऐसा कहा, जिसे सुनकर सभी हैरान रह गये.
अनुपम खेर ने सुझाव दिया, "सर, आप मुझे असली में थप्पड़ मार सकते हैं." लेकिन दिलीप साहब ने मुस्कुराते हुए मना कर दिया और बोले, "बेटा, पठान का हाथ है. अगर मैंने थप्पड़ मारा तो तू बेहोश हो जायेगा."
हालांकि, दिलीप साहब ने असली थप्पड़ नहीं मारा, लेकिन वह सीन इतना दमदार बना कि जब दिलीप कुमार ने प्लेबैक में सीन देखा, तब उन्होंने सुभाष घई से कहा, "एक खतरनाक अभिनेता आ गया है. ये बहुत आगे जायेगा."
अनुपम के लिए ये शब्द किसी अमूल्य आशीर्वाद से कम नहीं थे. "जब दिलीप कुमार साहब ऐसा कुछ कहते हैं, तो लगता है कि अब दुनिया में कोई आपको रोक नहीं सकता," अनुपम ने गर्व के साथ कहा.
ये किस्सा न सिर्फ दिलीप कुमार और अनुपम खेर की शानदार केमिस्ट्री को दर्शाता है, बल्कि ये भी दिखाता है कि कैसे एक युवा अभिनेता अपने आदर्श के सामने बच्चे की तरह उत्साहित हो जाता है. अनुपम खेर की यह कहानी 'कर्मा' के सेट पर उनके जुनून और दिलीप साहब के प्रति उनके सम्मान को बयां करती है.