हिंदू का बच्चा हिंदू घर और मुस्लिम का मुस्लिम घर
छत्तीसगढ़ हिंदू का बच्चा हिंदू घर और मुस्लिम का मुस्लिम घर पहुंचा
दुर्ग | संवाददाताः बच्चों के बदल जाने या बिछुड़ जाने और फिर मिल जाने की कहानी सुनकर हमारे ज़हन में आता है कि यह किसी पुरानी हिंदी फिल्म का किस्सा होगा.लेकिन छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ऐसा ही एक मामला सामने आया है. मुस्लिम परिवार का बच्चा हिंदू परिवार में और हिंदू परिवार का बच्चा मुस्लिम परिवार में पहुंच गया.
इस अदला–बदली के चलते जिला प्रशासन को हरकत में आना पड़ा, तब जाकर बच्चों के बदल जाने की गुत्थी सुलझी. DNA जांच के बाद मामले का निपटारा हुआ और अपने असली मां–बाप के पास बच्चे पहुंचे.
दरअसल दुर्ग जिला अस्पताल के मदर चाइल्ड वार्ड में 23 जनवरी को बदले गये दोनों बच्चों का जन्म हुआ. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक शबाना कुरैशी पति अल्ताफ कुरैशी ने दोपहर 1.25 बजे बेटे को जन्म दिया.
इसके बाद साधना सिंह ने भी दोपहर 1:32 बजे बेटे को जन्म दिया. दोनों बच्चों का जन्म 7 मिनट के अंतर में हुआ. जिला अस्पताल में नवजात शिशुओं की पहचान के लिए जन्म के तुरंत बाद उनके हाथ में मां के नाम का टैग पहनाया गया.
दोनों प्रसूताओं की बच्चे के साथ फोटो खींची गई.
बताया जा रहा है कि बच्चों को नहलाने के बाद शबाना का बच्चा साधना और साधना का बच्चा शबाना के पास पहुंच गया. इसके करीब 3 दिन बाद दोनों प्रसूताओं को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया.
ऐसे पता चला अदला-बदली का
मुस्लिम परिवार के मुताबिक घर जाने के बाद शबाना कुरैशी बच्चे को नहला रहीं थी, तभी उन्होंने देखा कि बच्चे के हाथ में लगे टैग में बेबी ऑफ साधना लिखा हुआ है, जिससे उन्हें बच्चा बदल जाने का शक हुआ.
इसकी जानकारी शबाना ने अपने परिवार को दी.
उन्होंने बताया कि, जन्म के समय खींची गई तस्वीर से उनके बच्चे का मिलान नहीं हो रहा है.
जन्म के समय अस्पताल की ओर से मां के साथ बच्चे की फोटो ली जाती है. वो फोटो बाद में परिजनों को दी जाती है. जो फोटो शबाना को दी गई , उसमें बच्चे के चेहरे पर कहीं भी तिल का निशान नहीं था.
जबकि उनके पास जो बच्चा है, उसके चेहरे पर तिल का निशान है. साधना के बच्चे के चेहरे पर तिल का निशान था.
थाने में शिकायत
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. हेमंत साहू ने मामले की सूचना कोतवाली थाने में दी. वहीं, शबाना के परिजनों ने भी थाने में शिकायत की. पुलिस का कहना था कि, अस्पताल प्रबंधन की शिकायत पर जांच चल रही है. दोनों पक्षों को समझाया गया. मामला नहीं सुलझा तो DNA टेस्ट कराया जाएगा.
मुस्लिम परिवार ने कलेक्टर से शिकायत की. कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने डिप्टी कलेक्टर एम भार्गव के नेतृत्व में एक जांच टीम गठित की. जांच समिति ने रविवार को अस्पताल के मदर चाइल्ड यूनिट का रिकॉर्ड खंगाला.
जिम्मेदार स्टॉफ से पूछताछ की, लेकिन मामले का हल नहीं निकला.
DNA रिपोर्ट के बाद मामला सुलझा
आखिरकार DNA रिपोर्ट के आधार पर दोनों बच्चों को उनके असली माता-पिता को सौंप दिया गया. अस्पताल में रिपोर्ट का लिफाफा माता-पिता के सामने ही खोला गया.
दोनो बच्चों के माता–पिता अपने बच्चों को पाकर खुश हैं.
मामला सुलझ जाने पर दोनो परिवारों ने जिला प्रशासन का शुक्रिया अदा किया है.