20 हजार रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
20 हजार रिश्वत लेते पटवारी को गिरफ्तार किया गया
जांजगीर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो यानी एसीबी की टीम ने गुरुवार को एक पटवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है.
आरोप है कि पटवारी ने जमीन दुरुस्ती के साथ ही जमीन के दस्तावेज में बहन का नाम हटाने के लिए रिश्वत की मांग की थी. पटवारी को जांजगीर जिला न्यायालय में पेश किया जाएगा.
गिरफ्तार पटवारी बालमुकुंद राठौर जांजगीर के पुटपुरा में पदस्थ है. इसी हल्के के ग्राम धाराशिव निवासी किसान सत्येंद्र कुमार राठौर ने जमीन बटांकन और दुरुस्ती के लिए पटवारी से संपर्क किया था.
पटवारी ने इसके लिए किसान से रिश्वत की मांग की थी, लेकिन किसान रिश्वत नहीं देना चाहता था.
उसने इसकी बिलासपुर एसीबी में शिकायत दर्ज करा दी. 17 जुलाई गुरुवार को एसीबी की टीम ने ट्रैप की तारीख तय की.
आज करीब 12 बजे एसीबी की टीम जांजगीर पहुंची और सत्येंद्र को केमिकल लगे नोट देकर पटवारी के पास भेजा गया.
जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की राशि ली, एसीबी की टीम ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
पटवारी के पास से केमिकल लगे नोट जब्त कर उसके हाथ पानी में डाले तो पानी का रंग लाल हो गया.