छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के 63 हजार से अधिक पद खाली
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में वर्तमान शिक्षा सत्र बीतने को है लेकिन सरकार शिक्षकों की कमी को पूरी नहीं कर पाई. स्कूल खुलने के पहले दिन से बच्चे शिक्षकों का इंतजार करते रहे, पर साल बीतने के बावजूद शिक्षकों के दर्शन नहीं हुए.
प्रदेश के 5840 स्कूल तो केवल एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं. इन स्कूलों में ना तो पदोन्नति से शिक्षकों की पूर्ति की गई, ना ही सीधी भर्ती से शिक्षकों की व्यवस्था की गई. जबकि प्रदेश में शिक्षकों के 63 हजार 53 पद खाली हैं.
प्रदेश में शिक्षकों की कमी के चलते ही शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है.
पहले से ही स्कूल शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं. ऊपर से सरकार द्वारा शिक्षकों को साल भर अलग-अलग प्रशिक्षण में बुलाकर व्यस्त रखा जा रहा है.
जिससे स्कूलों की स्थिति शिक्षक विहीन जैसी हो रही है. इसका खामियाजा स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को उठाना पड़ता है.
बच्चों की परीक्षा शुरू होने के करीब 15 दिन पहले तक शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए बुलाया जाता रहा है.
सरकार के इस फरमान के चलते शिक्षक बच्चों को परीक्षा की तैयारी तक नहीं करा पाए.
दूसरी तरफ शिक्षकों पर शत-प्रतिशत रिजल्ट देने का दबाव भी रहता है.
पदोन्नति के 19452 पद रिक्त
शिक्षा विभाग के अनुसार राज्य में 63 हजार 53 शिक्षकों के पद खाली हैं. इन पदों में से 43 हजार 601 पद सीधी भर्ती के हैं. जबकि 19 हजार 452 पद पदोन्नति से भरे जाने हैं.
इन रिक्त पदों में से सहायक शिक्षकों के 33178 पद खाली हैं. वहीं शिक्षक के 10 हजार 883 पदों में से 5442 पद सीधी भर्ती और 5441 पद पदोन्नति से भरे जाने हैं.
इसी प्रकार व्याख्याता के 9246 पदों में से 4623 सीधी भर्ती और 4623 पदोन्नति से भरे जाने हैं.
इसके अलावा प्राथमिक शाला के प्रधान पाठकों के 2119 और माध्यमिक शाला के प्रधान पाठकों के 4045 पद रिक्त हैं. इन्हें पदोन्नति से भरे जाने हैं.
साथ ही प्राचार्य के 3582 पदों में से 358 पद सीधी भर्ती और 3224 पद पदोन्नति के हैं.