छत्तीसगढ़

दीपक कुमार छग के चीफ जस्टिस

नई दिल्ली | समाचार डेस्क: त्रिपुरा उच्च न्यायलय के मुख्य न्यायधीश न्यायमूर्ति दीपक कुमार को छत्तीसगढ़ का मुख्य न्यायधीश नियुक्त किया गया है. केंद्रीय कानून मंत्रालय की ओर से जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति नवीन सिन्हा को राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया है.

जस्टिस दीपक कुमार का जन्म एक वकील के परिवार में 7 मई 1955 को कांगड़ा जिला में हुआ था. उनके पिता स्व. एमआर गुप्ता शिमला के अग्रणी वकील थे.

जस्टिस दीपक कुमार ने 1978 में दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून में स्नातक किया तथा हिमाचल प्रदेश के उच्च न्यायालय में साल 2004 तक वकालत की.

4 अक्टूबर 2004 को वे हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त हुये. इस दौरान साल 2007 में उन्होंने दो बार हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार भी संभाला.

उन्होंने 23 मार्च 2013 को त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली.

राष्ट्रपति ने सभी मुख्य न्यायमूर्तियों और न्यायधीशों को 23 मई को या उससे पहले अपने पदभार संभालने का आदेश दिया है.

error: Content is protected !!