पास-पड़ोस

गुटबाजी से नाराज मुंडा का इस्तीफा

रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने पार्टी में बढ़ती गुटबाजी के बाद भाजपा विधायक दल के नेता पद से इस्तीफा दे दिया है. अपने इस्तीफे में अर्जुन मुंडा ने कहा है कि उन्हें कोई पद नहीं चाहिए. वह पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता की तरह पार्टी के लिए काम करना चाहते हैं. पार्टी उनकी जो भी भूमिका तय करेगी, मान्य होगा.

इधर राजनीतिक गलियारे में शनिवार की रात तक इस बात की चर्चा थी कि अर्जुन मुंडा ने पार्टी के अध्यक्ष राजनाथ सिंह से बात की और राजनाथ सिंह को साफ कर दिया था कि अब उनके लिये इस पद पर रहना मुश्किल है. ऐसे में उनका इस्तीफा जरुरी है.

माना जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर अर्जुन मुंडा ने राजनाथ सिंह से शिकायत की थी और जब बात नहीं बनी तो उन्होंने इस्तीफा देने का निर्णय लिया. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के लिये अर्जुन मुंडा ने रवींद्र राय का नाम केंद्रीय नेतृत्व को दिया था लेकिन विधायक रघुवर दास किसी भी हालत में रवींद्र राय को प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने से सहमत नहीं थे. इसी बात को लेकर अर्जुन मुंडा और भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं के बीच जम कर कहा-सुनी हो गई. इसके बाद अर्जुन मुंडा ने पार्टी नेतृत्व को अपना इस्तीफा दे दिया.

error: Content is protected !!