खेल

हॉकी विश्वकप 2018 की मेजबानी करेगा भारत

नई दिल्ली | एजेंसी: अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने 2018 में होने वाले हॉकी विश्वकप (पुरुष) की मेजबानी भारत को सौंपने का फैसला किया है. भारत तीसरी बार हॉकी विश्वकप (पुरुष) की मेजबानी करेगा. इससे पहले भारत 1982 में पहली बार बम्बई में हॉकी के सबसे प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी कर चुका है, जिसे पाकिस्तान ने जीता था.

इसके बाद 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों के परीक्षण आयोजन के तौर पर भी भारत को विश्वकप हॉकी की मेजबानी का अवसर मिला, जिसमें आस्ट्रेलिया चैम्पियन बनकर उभरा.

स्विटजरलैंड के लुसाने में बीयू रिवेज होटल में गुरुवार को हुए भव्य समारोह में हॉकी विश्वकप की पुरुष स्पर्धा की मेजबानी की दावेदारी हॉकी इंडिया के पक्ष में गई, वहीं महिला विश्वकप हॉकी की मेजबानी इंग्लैंड को मिली.

इंग्लैंड में हॉकी विश्वकप (महिला) का आयोजन सात से 21 जुलाई, 2018 के बीच होगा, वहीं भारत में हॉकी विश्वकप (पुरुष) का आयोजन एक से 16 दिसंबर, 2018 के बीच होगा.

एफआईएच के अध्यक्ष लीएंद्रो नेग्रे ने कहा, “मैं इंग्लैंड हॉकी एवं हॉकी इंडिया को हॉकी विश्वकप-2018 के क्रमश: महिला एवं पुरुष स्पर्धा की मेजबानी हासिल करने पर अपनी शुभकामनाएं देता हूं.”

नेग्रे ने आगे कहा, “दोनों ही दावेदारों के दावे काफी मजबूत थे, और एफआईएच अपने सबसे प्रतिष्ठित आयोजन को इंग्लैंड और भारत को सौंपते हुए बेहद आशावान है.” 2018 में होने वाले हॉकी विश्वकप के महिला एवं पुरुष, दोनों प्रतियोगिताओं में 18-18 देश हिस्सा लेंगे.

error: Content is protected !!